सारंगढ़। सारंगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कटेली जंगल में जुए के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से 20 हजार रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक की पट्टी, तीन मोबाइल फोन और 10 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 4 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात करीब 11:50 बजे सूचना मिली थी कि कटेली जंगल में बड़ी संख्या में लोग मोटरसाइकिलों से पहुंचकर रुपये-पैसे का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर रेड कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई और वे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। हालांकि, जुआ स्थल पर उनकी 10 मोटरसाइकिलें, 20 हजार रुपये नकद, ताश की गड्डी और तीन मोबाइल फोन छूट गए।
जब्त मोबाइलों में से एक की जांच करने पर उसमें लगी सिम एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत मिली। पुलिस ने उसकी पहचान विनय कुमार स्वर्णकार उर्फ रिंकू, निवासी सारंगढ़ के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक वह भी अपने करीब 10-12 साथियों के साथ जुआ खेल रहा था और पुलिस को देखकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर देहाती नालसी दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध कायम किया है। मामले में विनय कुमार स्वर्णकार उर्फ रिंकू समेत 10 मोटरसाइकिल चालकों और दो अन्य मोबाइल धारकों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सभी जब्त सामान को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जब्त सामग्री में पैशन प्रो, एचएफ डीलक्स, पल्सर 125, बुलेट 350, प्लेटिना और सीडी डीलक्स समेत 10 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जंगल में जुआ संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।











