वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

जशपुर। छत्तीसगढ़ के पत्रकारिता जगत ने एक बेबाक, निडर और सहज व्यक्तित्व वाले वरिष्ठ पत्रकार को खो दिया। पत्थलगांव निवासी वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा का सोमवार सुबह करीब 5 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत सहित जशपुर और पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन को पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
रमेश शर्मा का व्यक्तित्व जितना सरल और सहज था, उनकी कलम उतनी ही पैनी, निर्भीक और प्रभावशाली थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन पत्रकारिता और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समर्पित कर दिया। अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने अनेक प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में सेवाएं दीं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत अमृत संदेश से की। इसके बाद देशबंधु, दैनिक भास्कर, पीटीआई, यूनिवार्ता और आईबीसी-24 जैसे संस्थानों से जुड़े रहे।
लंबे पत्रकारिता जीवन के दौरान रमेश शर्मा ने अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई। वे महज खबरों को सामने रखने वाले पत्रकार नहीं थे, बल्कि क्षेत्र की जनता की आवाज बनकर काम करते रहे। पत्थलगांव और जशपुर अंचल की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और आम लोगों की परेशानियों को उन्होंने लगातार अपनी खबरों के माध्यम से प्रमुखता से उठाया। उनकी रिपोर्टों के जरिए कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान जमीनी समस्याओं की ओर गया और जरूरतमंद लोगों की आवाज उचित मंच तक पहुंची।
उनकी पत्रकारिता की सबसे बड़ी विशेषता उनकी बेबाकी और निष्पक्षता रही। सत्ता और प्रभावशाली लोगों से सवाल पूछने में वे कभी पीछे नहीं हटे और आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे। मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक से लेकर गांव के अंतिम छोर पर रहने वाले आम नागरिक तक उनका सहज संवाद था। यही कारण रहा कि पत्थलगांव-जशपुर क्षेत्र में उन्हें एक सजग पत्रकार और जनता की आवाज के रूप में सम्मान और भरोसा हासिल था।
रमेश शर्मा का निधन उनके परिवार और करीबी लोगों के साथ-साथ पूरे पत्रकारिता जगत के लिए गहरी क्षति है। उनके साथ काम करने वाले पत्रकार उन्हें एक अनुभवी, सहयोगी और मार्गदर्शक के रूप में याद कर रहे हैं। साथी पत्रकारों का कहना है कि रमेश शर्मा ने हमेशा पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम माना।
उनके निधन पर पत्रकार संगठनों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत थवाईत, सचिव नवीन शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार अनिल रतेरिया, नरेश शर्मा, संजय बोहिदार, विनय पाण्डेय, अभिषेक उपाध्याय, मोहसिन खान और उपेन्द्र डनसेना ने रमेश शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
वरिष्ठ पत्रकार नरेश शर्मा ने कहा कि, “रमेश शर्मा के निधन से जशपुर ने अपनी एक बुलंद आवाज, पत्थलगांव ने अपना सजग प्रहरी और छत्तीसगढ़ ने एक बेबाक एवं सच्चा कलमकार खो दिया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।”
रमेश शर्मा की निर्भीक लेखनी, सहज व्यवहार और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता हमेशा पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उनके निधन से पैदा हुई रिक्तता को भर पाना आसान नहीं होगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।

  • jsp-656x1024
    previous arrow
    next arrow

  • What’s Hot This Week

    Must-Read Stories

    02a5d010-c3a4-467a-ad18-f573dcf6f3c0

    मुआवजा राशि में 49.50 लाख की धोखाधड़ी, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, चेक पर हस्ताक्षर कराकर रिश्तेदारों के खातों में भेजी रकम, बैंक स्टेटमेंट से खुला पूरा मामला

    03
    01
    0731bc57-1831-4fa1-ad3e-1dfb6765a1cc

    Let`s Get Social