रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र के सावित्री नगर स्थित मीना बाजार में झालर लाइट का किराया लेने पहुंचे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शैलेष साहू, देव चौहान सहित अन्य लोगों पर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने आवेदन के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बाजीराव पारा निवासी दुर्गेश यादव (32 वर्ष) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसने सावित्री नगर मीना बाजार में झालर लाइट किराये पर लगाई है। रविवार 27 सितंबर की रात करीब 11 बजे वह लाइट का किराया लेने मीना बाजार पहुंचा था। इसी दौरान वह सड़क किनारे स्थित चौमिन दुकान संचालक से किराये की रकम ले रहा था। पीड़ित के मुताबिक, इसी दौरान शैलेष साहू और देव चौहान अपने अन्य साथियों के साथ बाइक से वहां पहुंचे। आरोप है कि बाइक से दुर्गेश को पीछे से ठोकर लग गई। इस पर दुर्गेश ने बाइक ठीक से चलाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर शैलेष साहू ने बाइक से उतरकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के से मारपीट करने लगा।
बताया गया कि मारपीट के दौरान गोलू और आयन ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इसी बीच मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पीड़ित ने पुलिस से शैलेष साहू, देव चौहान और उनके अन्य साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन का अवलोकन करने के बाद प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। मामले में आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












