रायगढ़। कांग्रेस में प्रवेश के बाद वरिष्ठ समाजसेवी रामचंद्र शर्मा ने रायपुर पहुंचकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत , सत्यनारायण शर्मा से सौजन्य मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने रामचंद्र शर्मा को उनके राजनीतिक जीवन के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल, वरिष्ठ नेता यतीश गांधी, लैलूंगा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुरेश डगला सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि रामचंद्र शर्मा ने 12 नवंबर को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में तथा छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। कांग्रेस में शामिल होने के बाद वरिष्ठ नेताओं से उनकी यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रामचंद्र शर्मा ने वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर पूरी सक्रियता के साथ काम करने की प्रतिबद्धता जताई। उनके कांग्रेस प्रवेश के बाद समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।











