रायगढ़:-* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के मार्गदर्शन में जिले वासियों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा ही संकल्प' अभियान के तहत 2 अक्टूबर को पुसौर में विशाल नेत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य समिति, रायगढ़ द्वारा आयोजित यह शिविर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुसौर में प्रातः 10 बजे से शुरू होगा।शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायगढ़ के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों की आंखों की जांच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की जाएगी। शिविर में नागरिकों का नेत्र परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यकतानुसार चश्मा वितरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार समय पर नेत्र परीक्षण कराने से दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है। दृष्टिदोष पाए जाने वाले हितग्राहियों को आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क चश्मा भी वितरित किया जाएगा। साथ ही शिविर में आने वाले सभी लोगों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई है। शिविर में नेत्र विशेषज्ञों की अनुभवी टीम अपनी सेवाएं देगी, जिनके डॉ. मीना पटेल, डॉ. रत्ना मेश्राम, डॉ. सलोनी अग्रवाल, डॉ. प्रभात पटेल, डॉ. शिव नायक, डॉ. संतोष कश्यप, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. आर. के. अग्रवाल एवं डॉ. ए. एल. डेम्ब्रा शामिल रहेंगे।स्वास्थ्य विभाग ने पुसौर क्षेत्र सहित जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वयं एवं अपने परिवार के सदस्यों की आंखों की जांच कराने के लिए शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।











