नहर में मिली युवक की लाश ने खोला राज, गले में गमछे का फंदा और सिर-चेहरे पर चोट के निशान, अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज

सारंगढ़। सारंगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छिंद में नहर के पानी में युवक की लाश मिलने के मामले में पुलिस जांच के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ग्राम छिंद निवासी भूपति साहू उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। मर्ग जांच, शव निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भूपति साहू 26 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और परिचितों ने उसकी आसपास तथा रिश्तेदारों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
इसके बाद 27 सितंबर की शाम गांव के मयाराम साहू ने फोन कर सूचना दी कि ग्राम छिंद के नहर के पानी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन, गांव के सरपंच सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव के चेहरे और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान भूपति साहू उर्फ पप्पू के रूप में की गई।

शव के निरीक्षण में मिले गंभीर चोट के निशान
मामले में शुरूआती तौर पर पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई गई थी, लेकिन मर्ग जांच के दौरान शव के निरीक्षण में कई गंभीर चोटों के निशान सामने आए। पुलिस के मुताबिक मृतक के गले में गमछे से फंदा बनाकर गला दबाने के निशान मिले। इसके अलावा सिर और चेहरे पर किसी ठोस वस्तु से चोट पहुंचाए जाने के संकेत मिले। जांच में मृतक के गुप्तांग पर भी धारदार हथियार से चोट पहुंचाए जाने की बात सामने आई। इन परिस्थितियों ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को बताया गया होमिसाइडल
मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृतक की मौत को होमिसाइडल नेचर का बताया गया। इसके बाद मर्ग जांच में पुलिस को यह प्रथमदृष्टया सामने आया कि युवक की मौत सामान्य रूप से पानी में डूबने से नहीं, बल्कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने से हुई है। मृतक जिस मोटरसाइकिल से घर से निकला था, वह भी घटनास्थल पर नहीं मिली थी। इससे पुलिस की जांच में एक और अहम बिंदु जुड़ गया है।

अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज
मर्ग पंचनामा, पंचों एवं वारिसानों के कथन, शव निरीक्षण तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर सारंगढ़ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अब पुलिस हत्या की वजह, घटनास्थल तक मृतक के पहुंचने, गायब मोटरसाइकिल और वारदात में शामिल आरोपी की पहचान समेत पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

  • jsp-656x1024
    previous arrow
    next arrow

  • What’s Hot This Week

    Let`s Get Social