दुकान का शटर तोड़कर 75 हजार का माल पार, 50 हजार नकद और गुटखा के 200 पैकेट चोरी

रायगढ़। शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिविल लाइन इलाके में चोरों ने एक जनरल स्टोर का शटर क्षतिग्रस्त कर दुकान के गल्ले में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी और 25 हजार रुपये कीमत के राजश्री गुटखा के 200 पैकेट पार कर दिए। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कच्ची खोली सिंधी कॉलोनी निवासी दुकानदार दीपक जनरल स्टोर का संचालन कालीबाड़ी, सिविल लाइन रायगढ़ में करता है। दुकानदार ने 26 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोली थी। दिनभर दुकान संचालित करने के बाद उसने गल्ले में 5 और 10 रुपये के सिक्कों के साथ 10, 20, 50, 100 और 500 रुपये के नोट मिलाकर करीब 50 हजार रुपये रखे थे।
रात करीब 10 बजे दुकानदार दुकान का शटर बंद कर बाहर से ताला लगाकर घर चला गया। अगले दिन 27 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे जब वह दुकान पहुंचा तो शटर क्षतिग्रस्त मिला। अज्ञात चोर ने शटर को अटास कर ऊपर की ओर उठाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया था।
दुकान के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी और राजश्री गुटखा के 200 पैकेट, जिनकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है, गायब मिले। इस तरह चोर करीब 75 हजार रुपये का माल और नकदी लेकर फरार हो गए।
दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोर की पहचान करने में जुटी है।

Let`s Get Social