रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ में कैशपार माइक्रो क्रेडिट बैंक के कार्यालय-सह-आवासीय परिसर में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर रात के समय खिड़की के रास्ते मेन गेट की सिटकनी खोलकर अंदर दाखिल हुआ और लैपटॉप व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना में करीब 88 हजार रुपये के सामान की चोरी बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कैशपार माइक्रो क्रेडिट बैंक की शाखा CMPID कॉलोनी, पत्रापारा, संतोष नगर, वार्ड क्रमांक 08, धरमजयगढ़ में संचालित है। शाखा प्रबंधक दीपक साह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि कार्यालय और रेसिडेंशियल परिसर एक साथ है, जहां वे केंद्र प्रबंधक श्रीनाथ बंजारे के साथ रहते हैं।
आवेदन के मुताबिक 7 सितंबर की रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति खिड़की के माध्यम से मेन गेट की सिटकनी खोलकर अंदर घुसा। इसके बाद आरोपी HP कंपनी का लैपटॉप, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये, तथा Realme 11 Pro मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 28 हजार रुपये थी, चोरी कर ले गया।
घटना के बाद शाखा प्रबंधक ने 8 सितंबर को थाना धरमजयगढ़ में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। आवेदन के अवलोकन के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 331(4) और 305(e) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस अब घटना के समय आसपास की गतिविधियों, संभावित संदिग्धों और चोरी गए मोबाइल व लैपटॉप के संबंध में सुराग जुटा रही है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।












