भीषण सड़क हादसा: खड़ी माजदा में जा घुसी गेहूं से भरी 16 पहिया ट्रक, 6 की मौत, 7 घायल, चीख-पुकार से मचा हड़कंप, हादसे के बाद कुछ दूर जाकर पलटा ट्रक; चालक मौके से फरार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने 6 परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुरुर थाना क्षेत्र के मरकटोला घाट में खड़ी स्वराज माजदा वाहन को पीछे से तेज रफ्तार गेहूं से लदे 16 पहिया ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि माजदा में सवार 13 लोगों में से 6 की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रही स्वराज माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BU 7174 मरकटोला घाट के पास खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। वाहन में कुल 13 लोग सवार थे। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहा गेहूं से भरा 16 पहिया ट्रक क्रमांक CG 04 QY 5947 अनियंत्रित होकर खड़ी माजदा से जा भिड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर में माजदा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में कुल 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 7 घायलों का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद गेहूं से लदा ट्रक भी कुछ दूर जाकर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के नीचे एक व्यक्ति दब गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा गया है।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुरुर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह और मृतकों की पहचान को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Let`s Get Social