RAIGARH NEWS किराए पर दिए हाइवा और थार को ग्वालियर ले जाकर नहीं लौटाने का आरोप, ट्रांसपोर्टर ने दर्ज कराई रिपोर्ट

रायगढ़। एक ट्रांसपोर्टर ने अपने स्वामित्व के हाइवा और महिंद्रा थार वाहन को किराए पर लेकर वापस नहीं करने तथा किराए की राशि का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुसौर थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी एवं आपराधिक न्यासभंग की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सिरौद खुर्द, थाना केरेगांव, जिला धमतरी निवासी प्रीतम साहू (23) ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं। उनके नाम पर हाइवा वाहन क्रमांक CG 06 HE 2609 तथा महिंद्रा थार वाहन क्रमांक CG 04 PR 7417 पंजीकृत हैं। प्रीतम की पहचान ट्रांसपोर्ट कारोबार के सिलसिले में ग्वालियर निवासी श्यामबिहारी शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच ट्रांसपोर्ट के काम को लेकर पहले से परिचय होने की बात शिकायत में कही गई है।

शिकायत के मुताबिक, 10 अगस्त 2025 को दोपहर करीब 1 बजे श्यामबिहारी शर्मा ने दोनों वाहनों को करीब दस दिनों के लिए किराए पर मांगा था। उसने भरोसा दिलाया था कि दस दिन का निर्धारित किराया अदा कर वाहनों को वापस कर देगा। आरोप है कि विश्वास में लेकर दोनों वाहन लेने के बाद श्यामबिहारी उन्हें मध्यप्रदेश के ग्वालियर ले गया और निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी वाहन वापस नहीं किए।
प्रीतम साहू का आरोप है कि वाहन वापस मांगने पर श्यामबिहारी शर्मा द्वारा टालमटोल की गई तथा फोन करने पर फोन नहीं उठाया गया या कॉल काट दी गई। काफी समय बीतने के बाद भी दोनों वाहन वापस नहीं मिलने पर उन्होंने पुसौर थाने में लिखित शिकायत दी।
आवेदक ने पुलिस को वाहनों के आरसी कार्ड, बीमा संबंधी दस्तावेज और अन्य कागजात भी प्रस्तुत किए हैं। शिकायत के साथ ग्वालियर में हाइवा वाहन से संबंधित यातायात नियम उल्लंघन के 500 रुपये के चालान का दस्तावेज भी पेश किए जाने की बात सामने आई है, जिससे वाहन के ग्वालियर में होने की जानकारी मिलने का दावा किया गया है।

पुलिस ने आवेदन की जांच के बाद प्रथम दृष्टया धारा 318(4) एवं 316(5) बीएनएस के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब वाहनों की वास्तविक स्थिति, आरोपी के कब्जे में होने तथा पूरे घटनाक्रम से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही दोनों वाहनों की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पीड़ित ट्रांसपोर्टर ने पुलिस से दोनों वाहनों को शीघ्र बरामद कर उन्हें सुपुर्द करने तथा बकाया किराए की राशि दिलाने की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

  • jsp-656x1024
    previous arrow
    next arrow

  • What’s Hot This Week

    Must-Read Stories

    Let`s Get Social