रायगढ़। रविवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर बाईक सवार दो युवकों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर रायगढ़-सारंगढ़ मार्ग पर स्थित ग्राम तेतला के पास चंद्रपुर की तरफ से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 13 एलए 1157 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने की तरफ से आ रहे बाईक को जोरदार ठोकर मार दिया। इस घटना में बाईक सवार महेश निषाद एवं सोनु माली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। खबरदूत को मिली जानकारी के अनुसार बाईक सवार दोनों युवक रायगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे इसी बीच यह घटना हो गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक महेश की बहन जिंदल अस्पताल में काम करती है उसी को दोनों चावल और कुछ सामान पहुंचाने के लिए गए थे वहां से वापस अपने गांव वापस कांशीडीह जा रहे थे, इसी बीच यह घटना हो गई।
बहरहाल घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए दोनों शवों को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
