रायगढ़ । शहर के पचधारी डेम में रविवार दोपहर एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। डेम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 25 वर्षीय युवक अजय सिदार की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मृतक के शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक अजय सिदार रियापाली गांव का रहने वाला था और NTPC लारा में काम करता था। बताया जा रहा है कि रविवार को छुट्टी होने के कारण वह अपने चार दोस्तों के साथ पचधारी डेम घूमने और नहाने पहुंचा था। खबरदूत को मिली जानकारी के अनुसार नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों की मदद से शाम करीब साढ़े 6 बजे युवक का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि गोवर्धनपुर स्थित पचधारी डेम में हर साल डूबने की घटनाएं सामने आती रही हैं। लगातार हादसों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा डेम के दोनों ओर नहाने पर प्रतिबंध संबंधी चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं, खासकर गर्मी के दिनों और रविवार को यहां मेले जैसा माहौल देखने को मिलता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करने पहुंचती जरूर है, लेकिन लोगों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही। एक बार फिर हुए इस हादसे ने प्रशासनिक इंतजामों और लोगों की सतर्कता दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पचधारी में फिर हुआ हादसा, दोस्तों के नहाने पहुंचा युवक गहरे पानी में डूबा, अजय सिदार के रूप में हुई मृतक की शिनाख्त
2
