नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप का जखीरा बरामद, एक गिरफ्तार, आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई, 6 लाख के नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप जब्त

सीतापुर। सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन क्लीन के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने सीतापुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 लाख रुपये कीमत के नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप जब्त किए हैं। मामले में सीतापुर निवासी संजय विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से बरामद बोरी में हजारों की संख्या में नशीली दवाएं भरी हुई थीं।

जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उड़नदस्ता की टीम सीतापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम तपेश्वरी गौड़ा मैदान पहुंची, जहां एक व्यक्ति बोरी लेकर खड़ा दिखाई दिया। सरकारी वाहन को देखते ही वह भागने लगा। संदेह होने पर नगर सैनिक ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय विश्वकर्मा बताया। बोरी के संबंध में पूछने पर उसने उसमें नशीले कैप्सूल होने की जानकारी दी।

बोरी खोलते ही मिला नशीली दवाओं का जखीरा
आबकारी टीम ने बोरी की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप बरामद हुए। जब्त सामग्री में 14,144 नग Spasmo Proxyvon Plus कैप्सूल, 880 नग Nitrosum-10 टैबलेट, 1,110 नग Alprascen टैबलेट और 20 नग Onerex Cough Syrup शामिल हैं। जब्त सामग्री का बाजार मूल्य लगभग 6 लाख रुपये आंका गया है।

गढ़वा से माल लाने का किया खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी संजय विश्वकर्मा ने बताया कि बरामद माल सीतापुर निवासी अनमोल गुप्ता का है। उसके अनुसार, वह अनमोल गुप्ता के साथ कारोबार करता है और उसके लिए गढ़वा जाकर माल लेकर आता है। आबकारी विभाग मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है।
आबकारी टीम ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत यह बड़ी सफलता है। सीतापुर क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान आबकारी आरक्षक श्याम सुंदर सिंह, दीपक पांडेय तथा नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह और रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Let`s Get Social