रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप की दीवार से टकराने से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक के पीछे बैठे युवक की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि बाइक चालक घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नावापारा अ निवासी भरत साव साहू फैब्रीकेशन में काम करता है। 30 सितंबर की रात करीब 7 बजे ग्राम बाघाडेला निवासी कार्तिक मलिक और शेषपाल पाव नावापारा पहुंचे थे। इसके बाद भरत साव, शेषपाल पाव, कार्तिक मलिक और अभिराम भोय चारों मन्नत ढाबा में खाना खाने के लिए गए थे।
खाना खाने के बाद सभी वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान बजाज पल्सर 160 बाइक क्रमांक CG 13 AV 9939 को अभिराम भोय चला रहा था और उसके पीछे कार्तिक मलिक बैठा था। वहीं भरत साव और शेषपाल पाव दूसरी बाइक से पीछे-पीछे आ रहे थे।
रात करीब 9:30 बजे जब वे ग्राम केसाईपाली स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी अभिराम भोय ने बाइक को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पेट्रोल पंप की दीवार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठे कार्तिक मलिक के सिर, नाक और मुंह में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में बाइक चालक अभिराम भोय भी घायल हो गया। घटना की सूचना परिजनों को फोन के माध्यम से दी गई। इसके बाद घायल अभिराम को 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं मृतक कार्तिक मलिक को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पुसौर लाया गया।
मामले में रिपोर्टकर्ता ने आरोप लगाया है कि अभिराम भोय द्वारा बाइक को तेज, लापरवाही एवं उपेक्षापूर्ण ढंग से चलाने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें पीछे बैठे कार्तिक मलिक की गंभीर चोट लगने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।











