कोयला परिवहन बना जानलेवा! जामपाली से घरघोड़ा तक बेलगाम ट्रेलरों की रफ्तार से ग्रामीणों में आक्रोश, सीसीटीवी और सुरक्षा इंतजामों की मांग की, मुआवजा राशि 25 हजार से बढ़ाकर 5 लाख करने की मांग

रायगढ़। जामपाली से घरघोड़ा तक कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अव्यवस्थित आवाजाही अब ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी बनती जा रही है। सड़क पर उड़ती धूल, भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। इस समस्या को लेकर महिला प्रगतिशील सतनामी समाज की ब्लॉक अध्यक्ष एवं की पूर्व जनपद सदस्य लता खुटे ने प्रशासन और संबंधित विभागों को लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि जामपाली से घरघोड़ा के बीच लंबे समय से कोयला परिवहन का काम संचालित है। पहले यह व्यवस्था अपेक्षाकृत नियंत्रित और व्यवस्थित थी, लेकिन पिछले एक-दो वर्षों से अधिकृत ट्रांसपोर्टरों के भारी वाहनों की मनमानी, तेज रफ्तार और अव्यवस्थित परिवहन के कारण पूरे क्षेत्र में सड़क सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है।
आवेदन के मुताबिक खदान से निकलने के बाद कोयले से लदी गाड़ियां घरघोड़ा तक पहुंचने के दौरान कई गांवों से होकर गुजरती हैं। इनमें कुदुमकेला, सराईपाली, बरघाट, फगुरम, बरौद, टेरम और कंचनपुर सहित आसपास के गांव शामिल हैं। आरोप है कि ट्रांसपोर्टरों के बीच अधिक ट्रिप लगाने की होड़ के चलते वाहन चालक तेज रफ्तार से गाड़ियां दौड़ाते हैं। इससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की जान जोखिम में बनी रहती है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले दो से तीन महीनों में बरौद से कंचनपुर के बीच कई बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें तत्काल मौके पर ही कई लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्र में संभावित जनहानि को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
लता खुटे ने प्रशासन से जामपाली से घरघोड़ा तक कोयला परिवहन मार्ग पर प्रत्येक एक किलोमीटर की दूरी पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के सूचना बोर्ड लगाने की मांग की है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, सड़क सुरक्षा व्यवस्था, नियमित पानी का छिड़काव, पुलिस सुरक्षा केंद्र को पुनः औरामुडा में संचालित करने, स्पीड ब्रेकर, सुरक्षा संकेतक और हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग भी की गई है।
सबसे महत्वपूर्ण मांग दुर्घटनाओं में मृत लोगों के परिजनों को मिलने वाली मुआवजा राशि को 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने की है। आवेदन में स्थानीय स्तर पर राहत एवं आपातकालीन सहायता व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।
आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि यदि इस गंभीर समस्या का शीघ्र और प्रभावी समाधान नहीं किया गया तो जनसुरक्षा के लिए कानून और संविधान के दायरे में उपलब्ध वैधानिक कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकृत ट्रांसपोर्टर प्रबंधन, एनटीपीसी तिलाईपाली, एसईसीएल बरौद, बिजारी, जामपाली और सभी शाखा प्रबंधन के साथ स्थानीय प्रशासन की होगी।
फिलहाल इस आवेदन के जरिए ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने सड़क सुरक्षा का गंभीर मुद्दा उठाया है। अब देखना होगा कि लगातार हादसों और भारी वाहनों की आवाजाही से परेशान लोगों की मांगों पर संबंधित विभाग कितनी जल्दी कार्रवाई करते हैं।

  • jsp-656x1024
    previous arrow
    next arrow

  • What’s Hot This Week

    Must-Read Stories

    50263865-12b8-47c0-9c45-deabcbf8f27a

    कोयला परिवहन बना जानलेवा! जामपाली से घरघोड़ा तक बेलगाम ट्रेलरों की रफ्तार से ग्रामीणों में आक्रोश, सीसीटीवी और सुरक्षा इंतजामों की मांग की, मुआवजा राशि 25 हजार से बढ़ाकर 5 लाख करने की मांग

    be64c255-15b1-4c97-adfd-b95729643a82
    08
    3

    Let`s Get Social