मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, 2 लाख का प्रतिबंधित कफ सिरप और टैबलेट जब्त; संचालक जेल दाखिल

अंबिकापुर। मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का कारोबार करने वालों के खिलाफ संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर के संचालक राजेश समद्दार के कब्जे से 207 नग प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट जब्त की हैं। जब्त दवाइयों की बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर का संचालक राजेश समद्दार भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप और टैबलेट की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने पहले मेडिकल स्टोर से दवाइयों की खरीदी कराई। इसके बाद सूचना सही पाए जाने पर दुकान में छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर में कोई संदिग्ध दवा नहीं मिली। इसके बाद दुकान के पीछे स्थित एक कमरे की तलाशी ली गई, जहां संचालक राजेश समद्दार ने स्वयं 132 नग MAGNATUSS-T कफ सिरप, 75 नग APCORES कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट बरामद कराए। कुल 207 नग कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट जब्त की गईं।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और उसी दिन न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से नशीली दवाइयों की खेप लेकर आता था। विभाग अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रहा है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने नशीली दवाइयों के कारोबार में संलिप्त लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे अवैध कारोबार से दूर रहें। उन्होंने अपील की कि नशीली दवाइयों की बिक्री कर युवा पीढ़ी के भविष्य को बर्बाद न करें और अपने परिवार की जिम्मेदारी समझें।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज एवं नगर सैनिक गणेश पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

  • jsp-656x1024
    previous arrow
    next arrow

  • What’s Hot This Week

    Must-Read Stories

    Let`s Get Social