रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चार अलग अलग सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है, जिन्हें बेहतर ईलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। जिनका अलग-अलग अस्पताल में इलाज जारी है। इन सभी मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। सड़क हादसा अलग-अलग थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक पहली घटना में छाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वाले बेहरामार निवासी कृष्णा राठिया 15 साल, जितेंद्र राठिया 22 साल, निवासी बांसाझार, धर्मेंद्र राठिया और कुन्दन राठिया एक ही बाइक में दशहरा मेला देखने छाल जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात जब वे लोग अस्पतालपारा के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस घटना में कृष्णा और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई वहीं धर्मेंद्र और कुन्दन को गंभीर चोट आने पर उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, घायलों की स्थित को देखते हुए तत्काल उन्हें रायपुर रिफर कर दिया गया है।
इसी तरह की दूसरी घटना में छाल निवासी चन्द्रदेव सिंह ठाकुर कल शाम तकरीबन 7:30 बजे अपने परिवार के साथ पैदल ही मेला देखने जा रहा था, इस दौरान पीछे की तरफ से आ रहे बाइक सवार के चालक ने रेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार ठोकर मार दिया जिससे मौके पर ही चन्द्रदेव सिंह ठाकुर की मौत हो गई। बहरहाल सड़क दुर्घटना के दोनों ही मामलों में छाल पुलिस मर्ग पंचनामा पश्चात आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पिता और पुत्री की मौत, दो घायल
इसी तरह की तीसरी घटना में बंदरूराम कोरवा ने कापू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 18 अक्टूबर की शाम 6 बजे उसका बड़ा भाई पवन कोरवा अपनी पत्नी इतवारी बाई कोरवा, बेटी नयन्ती कोरवा केे साथ अपने ससुराल कौहाहाडी पारमेर गया था। जहां से अगले दिन शाम करीब 4 बजे अपनी पत्नी इतवारी बाई, बेटी नयन्ती, बहन दामद दिनाराम कोरवा एवं समारी कोरवा के साथ इंचपारा राशन सामान लेने गया था। दुकान से सामान लेकर सभी पैदल घर लौट रहे थे। इसी बीच इंचपारा पारेमेर जाने वाले मुख्य मार्ग के पास पहुंचे ही थे कि पीछे की तरफ से आ रहे सफेद रंग के वाहन क्रमांक सीजी 24- 4595 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार ठोकर मार दिया। बंदरूराम ने बताया कि अचानक घटी इस दुर्घटना के बाद सभी को सीएचसी कापू ले जाया गया, जहां उसके बड़े भाई पवन कोरवा एवं उसकी बेटी नयन्ती कोरवा की मौत हो गई। वहीं दिनाराम कोरवा के दोनों पैर के पंजो के अलावा इतवारी बाई कोरवा कंधा में गंभीर चोट आई है। बहरहाल बंदरूराम की रिपोर्ट के बाद कापू पुलिस वाहन चालक के खिलाफ धारा 106 (1) 125 (ए) 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुए आरोपी वाहन चालक की पतासाजी में जुट गई है।
खड़ी डंपर से टकराया आकाश, हुई मौत
इसी तरह की चौथी घटना में आकाश कुमार 40 साल, निवासी ग्राम पटरिया, थाना हैदरनगर जिला पलामू झारखण्ड जो कि गेरवानी के पास किराये के मकान में रहते हुए ट्रेलर चलाने का काम करते आ रहा था। बताया जा रहा है कि कल शाम 7 बजे आकाश अपने राखड लोड वाहन को खड़ा करके अपने घर जा रहा था। बाईक सवार युवक जब नलवा गेट नंबर 3 के पास पहुंचा ही था कि वह अपने वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और फिर सामने खडे डंपर से जा टकराया जिससे सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने की वजह से मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
आकाश झूला से गिरकर युवक की मौत
दशहरा मेला के अवसर पर रायगढ़ जिले के खरसिया में लगे मीना बाजार मेला में नकुल निषाद कल शाम अपने परिवार के साथ घूमने गया था, इस दौरान आकाश झूला झूलते समय नकुल ऊंचाई से अचानक गिर गया, जिससे सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मौके पर मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया।











