रायगढ़ । सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपने गांव से रामायण सुनने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोडकेल निवासी आशीष कुमार सिदार ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई बिदेश कुमार सिदार (37 वर्ष) 24 मई की शाम करीब 6 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BA 1896 से “रामायण सुनने सुबरा जा रहा हूं” कहकर घर से निकला था। रात करीब 11 बजे वह भी मोटर साइकिल से सुबरा जाने के लिए निकला। जब वह भालूबहाल खेत के पास पहुंचा तो सड़क किनारे बड़े भाई की बाइक गिरी हुई दिखाई दी। वहीं पास में बिदेश कुमार भी गंभीर हालत में बेहोश मिला और उसके सिर, माथे के अलावा कोहनी में गंभीर चोट थे।
आशीष ने घटना की जानकारी तत्काल घरवालों को दी गई, जिसके बाद परिजन वाहन लेकर मौके पर पहुंचे और घायल बिदेश कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमडांड ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई, जिससे आई गंभीर चोटों के कारण युवक की मौत हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
