रायगढ़। रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसे में बरौद कॉलरी केअस्सिटेंट मैनेजर समेत एक ट्रेलर चालक की भारी वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना में पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बरौद कॉलरी में अस्सिटेंट मैनेजर के पद पर पदस्थ मुकेश कुमार पटेल 50 साल की मौत हो गई। अमन कुमार गोभिल ने बताया कि मुकेश कुमार पटेल बरौद कॉलरी में अस्सिटेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत होकर बरौद कॉलोनी घरघोड़ा में अपने परिवार के साथ रहते थे। 6 अपै्रल को मुकेश कुमार पटेल और डिप्टी मैनेजर दिनेश कुमार कश्यप एमडीआई बिलासपुर में ट्रेनिंग में गये थे। जहां से कल दोनों रायगढ़ पहुंचे और मोटर सायकल क्रमांक सीजी 10 एएम 8047 में सवार होकर बरौद कॉलरी घरघोड़ा के लिए निकले थे इसी बीच दोनों जब पूंजीपथरा के पास स्थित प्रदीप ढाबा के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में मुकेश कुमार पटेल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई वहीं दिनेश कुमार कश्यप दूर छिटक कर घायल हो गया। घायल दिनेश कुमार कश्यप को इलाज हेतू मेडिकल कॉलेज रायगढ़ लेकर भर्ती कराया गया है।
इसी तरह की दूसरी घटना तमनार थाना क्षेत्र की है, जहां ओमप्रकाश मेहता 22 साल निवासी झारखण्ड जो कि ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 एल 3591 का चालक था। कल सुबह रोजाना की भांति कल सुबह तमनार क्षेत्र में स्थित डोगामौहा जेपीएल कंपनी से रायगढ़ जाने के लिए गाड़ी मेन गेट के पास साईड में खड़ा कर गेट पास एन्ट्री कराकर अपने गाड़ी के पास जा रहा था इसी बीच पीछे की तरफ से आ रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 एल 0379 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ओमप्रकाश मेहता को जोरदार ठोकर मार दिया। इस दुर्घटना में सीना, सिर, माथा, कान व अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने पर घायल को तत्काल तमनार अस्पताल ले जाया गया, जहां मौके पर मौजूद डाक्टर ने प्रारंभिक जांच के दौरान ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई की रिपोर्ट के बाद तमनार पुलिस आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
