रायगढ़ । रायगढ़ जिले में गुरूवार की दोपहर एमएसपी प्लांट में काम करते समय एक गर्म छड़ में गिरने से व्यक्ति की मौत हो गई। अचानक घटी इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। उक्त मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जामगांव में स्थित एमएसपी प्लांट में गुरूवार की दोपहर 12 बजे के आसपास सोनु कुमार सिंह 35 साल निवासी बिहार हाल मुकाम मोदी नगर रोजाना की भांति प्लांट के रोलिंग मिल आरएमडी डिवीजन में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह छह निकाल रहा था इसी बीच जोर का झटका लगने से वह पीछे स्थित गर्म छड में गिर गया जिससे छड उसके शरीर के आर-पार हो गया।
अचानक घटी इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई और वहां मौजूद कर्मचारियों ने इस घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को देते हुए घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में उपचार हेतु ले जाया गया जहां मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के साथियों ने बताया कि सोनु पिछले पांच सालो से एमएसपी प्लांट में बतौर फीटर के रूप में काम करते आ रहा था। आज दोपहर घटी इस घटना के बाद उसे निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना की जानकारी के बाद चक्रधर नगर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
