घरघोड़ा के ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने लिया पूर्ण शराबबंदी का संकल्प, "ऑपरेशन आघात" के साथ रायगढ़ पुलिस का सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर, गांव-गांव पहुंचकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जा रहा जागरूक

रायगढ़। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” को अब पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से भी मजबूती दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा जहां अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के दुष्परिणामों को लेकर लोगों को जागरूक कर गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने सामूहिक पहल करते हुए गांव में पूर्ण शराबबंदी का निर्णय लिया है।
ग्राम नवागढ़ में ग्रामीणों द्वारा इस महत्वपूर्ण निर्णय को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी ने ग्रामीणों के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि गांव का यह कदम केवल शराबबंदी तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है। उन्होंने कहा कि घरघोड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में कई बार सड़क दुर्घटनाओं में नशे में वाहन चलाना एक प्रमुख कारण सामने आता है। नशे का असर केवल सड़क दुर्घटनाओं तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और अन्य अपराधों का कारण भी बनता है।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से कहा कि जिस तरह एक व्यक्ति को देखकर दूसरा व्यक्ति गलत आदत अपनाता है, उसी तरह एक गांव की अच्छी पहल दूसरे गांवों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवागढ़ के ग्रामीणों द्वारा लिया गया यह संकल्प आसपास के अन्य गांवों को भी नशे से दूर रहने और अपने गांव को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों ने जब सामूहिक रूप से शराबबंदी का निर्णय लिया है, उसके बाद यदि गांव में चोरी-छिपे अवैध शराब बनाने या बेचने की शिकायत मिलती है तो पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने भी पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान एवं गांव में जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने विश्वास दिलाया कि वे गांव में शराबबंदी के निर्णय को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आपसी सहयोग बनाए रखेंगे तथा अवैध शराब के संबंध में पुलिस को आवश्यक सूचना देंगे।
रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” अब कार्रवाई के साथ सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है—ताकि नशामुक्त गांव, सुरक्षित परिवार और अपराधमुक्त समाज की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया जा सके।

  • jsp-656x1024
    previous arrow
    next arrow

  • What’s Hot This Week

    Must-Read Stories

    cc7e4b92-1329-4db3-b90c-517b2360ab27

    चक्रधरनगर पुलिस की तत्परता से ओडिशा से बरामद हुई नाबालिग, आरोपी युवक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार, ओडिशा में लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी, पुलिस की तलाश के बाद नाबालिग को किया गया दस्तयाब

    59af54f0-dc4e-4bc2-9437-55d0851d0c61
    f911c2d4-6a00-4b09-a277-91269c585fa2
    05

    Let`s Get Social