सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलो में जंगली हाथियों का उत्पात जारी है। दिन हो या रात जंगलों में रहने वाले ये जंगली हाथी कभी भी रिहायशी क्षेत्रों में प्रवेश करते हुए जमकर उत्पात मचाते हुए ग्रामीणों में भय का माहौल बनाते आ रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार की सुबह सुरजपुर जिले के ग्राम चाचीडांड ने जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग ग्रामीण को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के सुरजपुर जिले के घुई वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चाचीडांड में बुधवार की सुबह एक बुजुर्ग ग्रामीण बोधन यादव 65 साल शौच करने के लिये नाला की तरफ गया हुआ था। इसी बीच वह जंगली हाथी की चपेट में आ गया और फिर विशालकाल गजराज ने बुजुर्ग को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से 33 जंगली हाथियों का दल विचरण कर रहा है और आये दिन क्षेत्र में उत्पात मचाते आ रहा है जिससे एक दर्जन से भी अधिक गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम भी लगातार गांव-गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील करते आ रहा है।
एक अन्य जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले भी जंगली हाथियों के दल ने बकौना में एक युवक शिवमंगल 35 साल को मारा था। वहीं फसल को भी जमकर नुकसान पहुंचाया था।
