रायगढ़। रायगढ़ जिले में सड़क हादसों का दौर थमने का नाम नही ले रहा है। इसी क्रम में अलग-अलग सड़क हादसो में एक मासूम छात्रा समेत चार लोगों की मौत हो गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घटित इन घटनाओं में पुलिस मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बंगुरसिया निवासी आकाश सिदार 25 साल, कल शाम करीब 6 बजे के आसपास रायगढ़ से अपने गांव लौट रहा था। बताया जा रहा है कि युवक जब शिवशक्ति प्लांट के पास पहुंचा ही था कि अज्ञात वाहन की ठोकर से सिर में गंभीर चोट आने की वजह से घटना स्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि आकाश सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम करता था और कल किसी काम के सिलसिले में रायगढ़ गया हुआ था जहां घर वापसी के दौरान यह घटना घटित हो गई। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
दूसरी घटना में बीती रात साढ़े 7 बजे सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लाखा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवार एक युवक समीर साहू 22 साल, निवासी कसडोल की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहंुची पुलिस मृतक युवक के शव को अस्पताल भेजते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए उसकी पतासाजी में जुट गई है।
तीसरी घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खम्हार की रहने वाली नाबालिग छात्रा कुमारी वृंदावती अगरिया 14 साल, अपने साथी तारावती अगरिया के साथ राजू मिंज के ट्रेक्टर क्रमांक सीजी 13 बीए 5060 में सवार होकर कल दोपहर खम्हार जा रही थी। इस दौरान वे जब वे लोग खोचापारा कोरजानाला पुल के पास पहुंचे ही थे कि ट्रेक्टर में बैठी वृंदावती अगरिया ट्रेक्टर से नीचे गिर गई। जिससे ट्रेक्टर के नीचे आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजनों के द्वारा बालिका को तत्काल धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां मौके पर मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के दौरान ही उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की रिपोर्ट के बाद धरमजयगढ़ पुलिस इस मामले में ट्रेक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए मामले को जांच में ले लिया है।
इसी तरह की चैथी घटना में भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव में कल सुबह 5 बजे के आसपास घर के बाहर बालू में ढेर में बैठे ग्रामीण घासीराम नवरंग 40 साल को जेसीबी के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए जोरदार ठोकर मार दिया। इस दुर्घटना में घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि उनके क्षेत्र में एक लंबे अर्से से अवैध रूप से बालू परिवहन हो रहा है और दुर्घटनाकारी जेसीबी भी रेत परिवहन के लिये नदी जा रही थी इसी बीच यह घटना घटित हो गई।
बहरहाल सड़क हादसे के चारो अलग-अलग मामलों में पुलिस आरोपी वाहन चालको के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए मामले को जांच में ले लिया है।
