रायगढ़। रायगढ़ जिले में मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आकर मासूम समेत उसके पिता की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पठान काॅलोनी पूंजीपथरा का रहने वाला मोहम्मद अशरफ कुरैशी 32साल, अपनी पत्नी और दो बच्चों को लेकर रायगढ़ आ रहा था। बताया जा रहा है कि बाईक सवार मोहम्मद अशरफ जब तराईमाल बंजारी मंदिर के पास फिरोज टायर दुकान के सामने पहुंचा ही था कि पीछे की तरफ से आ रहे भारी वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवारों को जोरदार ठोकर मार दी। खबरदूत को मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में मोहम्मद अशरफ समेत उसके मासूम बेटे मोहम्मद अलताफ कुरैशी 7 साल,की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सड़क हादसे में दो की मौत की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए दुर्घटनाकारी वाहन को अपने कब्जे में लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
