रायगढ़। रायगढ़ जिले में अलग-अलग घटना में महिला सहित एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पहली घटना में काम करके घर लौट रही महिला को एक सांड ने हमला कर दिया जिससे उसकी अस्पताल में मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में शौच के लिये तालाब गया बुजुर्ग सर्पदंश का शिकार हो गया जिससे उसकी भी मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के मधुबन मोदीपारा निवासी लक्ष्मीन यादव 60 साल, जो कि घरेलू काम करके अपना जीवन यापन करते आ रही थी। कल सुबह 8 बजे लक्ष्मीन यादव मोहल्ले में ही काम करने गई हुई थी जहां से 10 बजे वह अपने घर लौट रही थी इसी बीच रास्ते में एक सांड से महिला का सामना हो गया जिसके बाद सांड ने महिला को तीन से चार बार उठाकर पटका। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को उपचार के लिये मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां देर रात 12 बजे के आसपास महिला की मौत हो गई।
बहरहाल सांड के हमले से महिला की मौत हो जाने के बाद आज मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात पीएम उपरांत शव परिजनों को सुपुर्द करते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
दूसरी घटना में पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पाली निवासी जोगीराम धनवार बीती रात खाना खाने के बाद शौच के लिये गांव के तालाब की ओर गया था जहां जहरीले नाग ने उसके बांये हाथ की उंगली को काट लिया। इस घटना की जानकारी घर पहुंचकर बुजुर्ग ने परिजनों को दी। खबरदूत को मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्ग को रायगढ़ के रूपेन्द्र पटेल अस्पताल में बुजुर्ग को भर्ती कराया गया था जहां देर रात उसकी मौत हो गई। बहरहाल सर्पदंश से बुजुर्ग की मौत के बाद आज दोपहर मर्ग पंचनामा और पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिये सौंपते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
