रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बीती रात धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर तीन जंगली हाथियों ने तकरीबन 10 से अधिक धान की बोरियों को खाकर और फैलाकर नुकसान पहुंचाया है। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला रायगढ़ वन मंडल का है।
जिला मुख्यालय से तकरीबन 12 किलोमीटर दूर बंगुरसिया गांव में स्थित धान खरीदी केन्द्र एक बार फिर से तीन जंगली हाथी पहुंच गए। इस दौरान हाथियों ने यहां से दस से अधिक धान की बोरियों को खाया और फैलाया है। बताया जा रहा है कि रायगढ़ वन मंडल के पडिगांव परिसर में इन दिनों 31 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसी दल में से तीन जंगली हाथी बीती रात बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र पहंुचा था। साथ ही इन हाथियों ने एक किसान के सब्जी की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। इस मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
300 से अधिक बोरी धान का नुकसान
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि धान खरीदी की शुरूआत होनें के बाद बीते 17 दिसंबर से बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र में जंगली हाथी पहुंच रहे हैं, और अब तक 327 से अधिक धान की बोरियों को हाथी ने खाकर और फैलाकर नुकसान पहुंचाया जा चुका है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हर साल धान खरीदी केन्द्र के समय हाथी यहां पहुंचकर नुकसान पहुंचाते हैं। जिसके बाद वन विभाग नुकसान का आंकलन करके भरपाई करता है।
जिले में 113 हाथियों की मौजूदगी
एक जानकारी के अनुसार इन दिनों रायगढ़ जिले के जंगलों में कुल 113 जंगली हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। जिसमें रायगढ़ वन मंडल में जहां 52 हाथी तो धरमजयगढ़ वन मंडल में 62 हाथियों की मौजूदगी है। हाथियों के इस दल में 26 नर, 57 मादा के अलावा 30 शावक शामिल है।
