Home छत्तीसगढ़ रायगढ़ः फर्जी दस्तावेज तैयार कर चोरी की बाईक खपाने वाला गिरोह पकड़ाया, 25 बाईक समेत 16 लाख की संपत्ति हुई जब्त

रायगढ़ः फर्जी दस्तावेज तैयार कर चोरी की बाईक खपाने वाला गिरोह पकड़ाया, 25 बाईक समेत 16 लाख की संपत्ति हुई जब्त

by KhabarDoot Desk

रायगढ़। रायगढ़ जिले में अलग-अलग इलाकों से बाईक चोरी कर फर्जी दस्तावेज के जरिये चोरी की बाईक बेचने वाले गिरोह के 7 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 25 बाईक समेत कुल 16 लाख की संपत्ति बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार नव पदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देश पर रायगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें बाजार में बेचने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का खुलासा किया है। कार्रवाई में गिरोह के मुख्य बाइक चोर मुकेश चौहान समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 25 चोरी की बाइक, एक एप्पल लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर बरामद किया गया है। गिरोह का एक सदस्य पहले ही जेल में निरुद्ध है।

इस तरह हुआ गिरोह का खुलासा
पूंजीपथरा थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने दो चोरी की बाइक के साथ संदिग्ध मुकेश प्रधान को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि बाइक उसने ऑटो डीलर में काम करने वाले पुरूषोत्तम प्रधान से खरीदी थी। आगे पूछताछ में खुलासा हुआ कि पुरूषोत्तम प्रधान अपने साथी श्याम ऑटो डीलर लैलूंगा के मैनेजर चंद्र कुमार यादव के साथ मिलकर बाइक चोर मुकेश चौहान से चोरी की बाइक को आरटीओ में पूर्व में कंप्यूटर ऑपरेटर रहे अजय पटेल और संजय अगरिया के जरिए लोक सेवा केंद्र से वाहनों के फर्जी कागजात व फर्जी रजिस्ट्रेशन तैयार कर बिक्री करते थे।

अलग-अलग इलाकों से की चोरी
मुख्य आरोपी मुकेश चौहान तक जब पुलिस पहुंची तो उसने बताया कि वह अपने साथी विकेश दास महंत (वर्तमान में जेल में निरुद्ध) के साथ पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ के बाजारों से करीब 25 बाइक चोरी कर चुका है, जिनमें अधिकांश एचएफ डीलक्स बाइक हैं। विकेश दास महंत पूर्व में भी बाइक चोरी में गिरफ्तार हो चुका है, जिसे हाल ही में पुसौर पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट के पालन में जेल दाखिल कराया है।

8 बाईक खपा चुके थे आरोपी
आरोपी मुकेश चौहान ने बताया कि चोरी की बाइक बेचते समय पकड़े जाने के खतरे को देखते हुए उसने ऑटो डीलर मैनेजर चंद्र कुमार यादव से संपर्क किया। इसके बाद चंद्र कुमार ने फर्जी दस्तावेज बनाने के लिए अजय पटेल और संजय अगरिया को जोड़ा और पुरानी बाइक खरीद-बिक्री करने वाले कोतबा के ऑटो डीलर से संपर्क किये। इसके पश्चात यह लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कोतबा आटो डीलर को अंधेरे में रखकर उसके पास 8 बाइक खापा चुके थे जिसे पुलिस ने बरामद किया है।

फर्जी आरसी करते थे प्रिंट
अजय पटेल चोरी की बाइक के चेचिस नंबर से असली मालिक की जानकारी निकालकर अमेजॉन से आरसी कार्ड मंगवाता, कंप्यूटर में उसमें हेरफेर कर हूबहू फर्जी आरसी प्रिंट करता था। फिर ट्रांसफर कार्ड पर फर्जी हस्ताक्षर कर डीलरों व आम लोगों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि बाइक चोरी की नहीं है। पुलिस ने अजय पटेल से लैपटॉप, प्रिंटर और पीबीसी कार्ड जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  1. मुकेश चैहान उर्फ नान्ही पिता हीरालाल चौहान उम्र 25 वर्ष ग्राम भकुर्रा थाना लैलुंगा (बाइक चोर 3 बाइक बरामद)
  2. चन्द्र कुमार यादव पिता राजाराम यादव उम्र 26 वर्ष ग्राम सरडेगा थाना लैलुंगा (ऑटोडीलर मैनेजर 5 बाइक बरामद)
  3. पुरूषोत्तम प्रधान पिता भोजराज प्रधान उम्र 30 वर्ष ग्राम मुडागांव थाना लैलुंगा जिला रायगढ़ (ऑटोडीलर कैश मैनेजर 4 बाइक बरामद)
  4. मुकेश प्रधान पिता सेतराम प्रधान उम्र 40 वर्ष ग्राम रूडुकेला थाना लैलुंगा जिला रायगढ़ (चोरी 2 बाइक बरामद)
  5. इरशाद खान पिता इब्राहिम खान उम्र 23 वर्ष ग्राम करवारजोर थाना लैलुंगा जिला रायगढ़ ( आटो डीलर कर्मी 3 चोरी बाइक बरामद)
  6. अजय पटेल पिता महेंन्द्र पटेल उम्र 27 वर्ष ग्राम चारभांठा थाना भूपदेवपुर जिला रायगढ़ (लोक सेवा केन्द्र संचालक कम्युटर, प्रिंटर बरामद)
  7. संजय अगरिया, देलारी (लोक सेवा केन्द्र कम्युटर आपरेटर)

related posts