रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार की शाम एक दंतैल हाथी को रायगढ़-धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग में सड़क पार करते देखा गया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ काफी देर तक वाहनों के पहिये थम गए। बीती रात हाथियों ने दल ने 11 किसानों के फसल को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान के आकलन में जुट गई है।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में 120 हाथी अलग-अलग दल में विचरण कर रहे हैं। हाथियों के दल में 32 नर, 62 मादा के अलावा 26 शावक शामिल है। सबसे अधिक हाथी धरमजयगढ़ रेंज के आमगांव में 34, छाल में 31, बोजिया में 13, लैलूंगा के बगुडेगा में 13, बासयी में 10 के अलावा अलग-अलग रेंज में हाथियों की मौजूदगी है। रविवार की शाम 5 बजे आमगांव बीट के जुनापाली जंगल के आरएफ 368 से एक हाथी को रायगढ़-धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग को पार करते देखा गया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ काफी देर तक वाहनों के पहिये थमे रहे। मौके पर मौजूद वन कर्मियों ने शेरवान, दर्रीडीह, ओंगना के अलावा आसपास के ग्रामीणों को अलर्ट करने की अपील की है।
बोजिया में दिखा 13 हाथियों का दल
बोजिया परिसर के झुनगाबेवरा नामक जंगल में 13 हाथियों के दल को विचरण करते हुए भी देखा गया है। वन विभाग एवं हाथी मित्र दल की टीम हाथियों के दल पर निगरानी बनाये हुए है। वन विभाग की टीम ने आसपास के ग्रामीणों को बोजिया, औरानारा, पक्की मार्ग गडाईनबहरी से औरानारा कच्ची मार्ग पर सावधानीपूर्वक आवागमन करने की अपील की गई है।
11 किसानों की फसल को नुकसान
बीती रात हाथियों के दल ने 11 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। जिसमें सिंझीझाप में 5, आमगांव में 3, दुलियामड़ा 2 के अलावा क्रोन्धा में 1 किसान के फसल को नुकसान पहुंचाया गया है। फसल नुकसान की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
रायगढ़ में 120 हाथियों की मौजूदगी, दंतैल हाथी सड़क पार करते आया नजर, 11 किसानों की फसलो को गजराजों ने पहुंचाया नुकसान
36
