उज्जैन, कोठी रोड स्थित विक्रम कीर्ति मंदिर के गार्डन में शुक्रवार रात को एक मुस्लिम युवक विवाहित युवती के साथ बैठा हुआ था। हिंदूवादी संगठन के सदस्यों ने युवक को पकड़ा और जमकर पीट दिया। हालांकि युवती ने कोई कार्रवाई करवाने से इंकार कर दिया। जिस पर माधवनगर पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।
टीआइ मनीष लोधा ने बताया कि शुक्रवार शाम को बेगमबाग निवासी आमिर नामक युवक आगर रोड पर रहने वाली हिंदू युवती के साथ बैठा हुआ था। जिसकी जानकारी लगने पर हिंदूवादी संगठन के लोग पहुंच गए और उसे जमकर पीट दिया। आरोप था कि आमिर ने खुद का नाम राहुल बताकर युवती से दोस्ती की थी। हालांकि युवती ने इससे इंकार कर युवक के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई करवाने से भी मना कर दिया। जिस पर पुलिस ने आमिर के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया था। जहां पर उसे जमानत पर छोड़ दिया।
पत्नी को पीटकर घर से बाहर निकाला और फिर लगा ली फांसी
भैरवगढ़ निवासी युवक ने शुक्रवार रात को पत्नी को पीटकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर उससे फांसी लगा ली। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। पुलिस ने बताया कि राहुल पुत्र सुरेश गिरी उम्र 24 वर्ष निवासी सनावद खंडवा हालमुकाम भैरवगढ़ ठेला लगाकर कटलरी का सामान बेचता था। वह शराब पीने का आदी था। शुक्रवार रात को वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। जहां उसने पत्नी संध्या से विवाद के बाद उससे मारपीट की और घर के बाहर निकालकर दरवाजा लगा लिया। इसके बाद उसने साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। काफी देर तक खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खोला तो आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वह फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि युवक ने फांसी क्यों लगाई थी।
