Khandwa News: खंडवा। उल्टी करने के लिए बस से खिड़की से गर्दन बाहर निकालते ही बालिका एक ट्रक की चपेट में आ गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बालिका का सिर उड़ा दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिवार के लोगों ने बस में तोड़फोड़ की। उनका कहना है कि बस ड्राइवर लापरवाही पूर्वक बस चला रहा था उसकी वजह से ही बालिका की मौत हुई है।
घटना सोमवार रात्रि 8:30 छैगांव माखन थाना क्षेत्र की है। सिंगोट निवासी 8 वर्षीय राजकुमारी पुत्री चीकू अपनी मौसी छवि बाई के साथ बस क्रमांक एमपी 12 – पी- 8118 में इंदौर तेजाजी नगर से खंडवा के लिए बैठी थी।
बस में अन्य रिश्तेदार भी मौजूद थे। छवि बाई का कहना है कि बस ड्राइवर लापरवाही पूर्वक लहराते हुए बस चला रहा था। बालिका ने उल्टी आने पर खिड़की से गर्दन बाहर निकाली थी तभी किसी ट्रक ने उसकी गर्दन को चपेट में ले लिया ।
इससे मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उन्होंने फोन कर परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी।कुछ ही देर में खंडवा में रहने वाले परिवार के लोग पदम नगर थाने के सामने जाकर खड़े हो गए थे। थाने के पास बस के रुकते ही उन्होंने ड्राइवर को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। बस के पीछे का कांच भी फोड़ दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी भीड़ से ड्राइवर को बचाते हुए थाने के अंदर ले गए।
माता की पूजा करने आ रहा था परिवार
परिवार के लोगों का कहना है कि गुड़ी पड़वा पर सिंगोट के पास स्थित ग्राम सराय में उनकी कुलदेवी की पूजा की जाती है। इसके लिए राजकुमारी अपनी मौसी छवि और रिश्तेदारों के साथ खंडवा आ रही थी। खंडवा बस स्टेशन उतरकर वे लोग सिंगोट जाने वाले थे।
