Indore Crime Round-Up: इंदौर, स्वच्छ सर्वेक्षण में लगातार सात बार पहले नंबर पर आने के बाद इंदौर का नाम देश ही नहीं विश्व में भी प्रसिद्ध हो गया है। सफाई के मामले में नवाचार करने, आधुनिक दौर के साथ कदमताल करने के साथ ही शहर के इतिहास, परंपरा और संस्कृति को बचाने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शहर की सराहना कर चुके हैं। आईटी हब, स्टार्टअप हब, एज्युकेशन हब के अलावा खानपान में विश्व में नाम कमा चुके इंदौर में पिछले कुछ समय से क्राइम बढ़ गया है। इस कारण अब शहर के नाम पर दाग लग रहा है।
क्राइम पर लगाम कसने के लिए प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित इंदौर में आयुक्त प्रणाली लागू की गई थी। लेकिन इंदौर में आयुक्त प्रणाली लागू होने का बाद अपराधों के ग्राफ में बढ़ोतरी हुई है। शहर के फैलाव के साथ ही चेन लूट, चोरी, मारपीट, लड़कियों-महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के साथ ही हत्या की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। पिछले कुछ समय में ऐसी ही घटनाओं ने शहर को सुर्खियों में बनाए रखा। पुलिस प्रशासन इन अपराधों पर रोक लगाने में अभी तक सफल नहीं हो सकी है।
चोरी-लूट की घटनाएं तो आम बात हो गई है। शहर के बाहरी इलाकों के साथ ही बीच शहर में भी चोरी-लूट की घटनाएं बढ़ी है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह दिनदहाड़े युवतियों-महिलाओं के मोबाइल-चेन लूट रहे हैं। शहर में बीते पांच दिनों में हत्या की तीन घटनाएं हुई। चंदन नगर, द्वारकापुरी और हीरा नगर में हत्या की वारदात हुई।
मामूली बात पर सरेराह हत्या
शहर हीरानगर थाना क्षेत्र में मामूली बात पर कहासुनी हुई और बात इतनी बढ़ी कि हत्या तक पहुंच गई। एक बदमाश ने एक गुंडे की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम रितेश जाधव है। आरोपित प्रथम उज्जैनी ने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या के पहले मारपीट की घटना भी हुई थी। मृतक और आरोपित दोनों के खिलाफ अनेक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपित प्रथम जब अपने दोस्त विक्की चौहान के साथ खड़ा था तभी उसका रितेश से विवाद हुआ। इसके बाद रितेश ने उसे चांटा भी मार दिया था। कहासुनी के बाद जब रितेश फिर से उसे लात मारने आया तो चूक गया और प्रथम ने उस पर चाकू से वार कर दिया।
नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म
कुछ ही दिनों पहले शहर में दो नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इसमें आरोपितों में नाबालिग के माता-पिता को भी बंदी बना लिया था। दोनों बहनें बाहर से आई थी और यहां अपने रिश्तेदार के यहां रहती थीं। दोनों बहनों के साथ वहीं रहने वाले एक युवक ने दुष्कर्म किया और बार-बार करने लगा। जब उसके दोस्त को पता चला तो वह भी दोनों बहनों को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने लगा। लड़कियों ने जब यह बात माता-पिता को बताई तो, आरोपितों ने उन्हें बंदी बना लिया।
छात्र ने शिक्षिका को जलाया
पिछले दिनों कालेज की शिक्षिका को परिसर में ही जिंदा जलाने की घटना सुर्खियों में रहीं थी। शिक्षिका ने पहले भी कई बार छात्र की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया था।