Indore Crime News: इंदौर, शहर के तुकोगंज इलाके में एक कारोबारी के घर में बड़ी चोरी की घटना हुई। अनाज कारोबारी रामअवतार जाजू के बंगले में चोरी हुई। कारोबारी दंपति जलगांव गए थे। बदमाशों ने कारोबारी के घर में तैनात गार्ड को बंदी बनाकर घटना को अंजाम दिया। घटना रविवार रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ ही एलएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चौकीदार ने बताया है कि चोरी के लिए तीन बदमाश आए थे। उन्होंने एक रस्सी से उसे बांध दिया और फिर घर में चोरी को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने चौकीदार की बातों को संदेहास्पद माना है और उससे भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि एक रस्सी से चौकीदार के हाथ-पैर कैसे बांधे गए। घर में मौजूद सीसीटीवी कैमरे की दिशा भी बदली गई है। चौकीदार का मेडिकल कराया गया है और उसपर कोई चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस तमाम पहलूओं पर जांच कर रही है।
धक्का देकर महिला से चेन लूटी, तीसरी बार में पर्स छीना
दिल्ली निवासी एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने पर्स और चेन लूट ली।बदमाशों ने लूट के लिए तीन बार प्रयास किया।महिला वृद्ध पिता के साथ अस्पताल जा रही थी। पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया है जो नशे के लिए वारदात करते है।रोहणी(सेक्टर-2) निवासी 50 वर्षीय भावना दीपकुमार जोशी दो महीने पहले ही बेटे के पास इंदौर आई है।बेटा आइटी कंपनी में इंजीनियर है। 13 फरवरी को भावना पिता के साथ अस्पताल जा रही थी। जैसे ही स्कीम-54 स्थित बैंक आफ बड़ौदा के समीप पहुंची बाइक सवार तीन बदमाश कट मारकर आगे निकले।भावना समझ नहीं पाई कि बदमाश उसे लूटने आए है।
आरोपित दौबारा आए और झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। धक्का देने के कारण भावना नीचे गिर गई और चस्मा भी टूट गया। बदमाश तीसरी बार पुन: आए और इस बार बैग छीन लिया जिसमें सोने के चेन और पेन व आधार कार्ड रखे हुए थे। लूट की एक अन्य घटना पुष्पा रामभैया लोधी निवासी स्कीम-74 के साथ हुई है। पुष्पा निजी अस्पताल में नर्स की नौकरी करती है। वह शुक्रवार दोपहर दुध लेने जा रही थी।तभी बाइक सवार बदमाश फोन लूट कर फरार हो गया।
