रायगढ़। रविवार की सुबह नाले में डूबे बालक के शव को डीडीआरएफ की टीम ने ढूंढ निकाला है। मृतक के शव को अस्पताल भेजते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कापू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पाराघाटी का रहने वाला सूरज गोड 14 साल, कल सुबह अपने तीन दोस्तों के साथ खेलने के लिये भेरारीनाला की तरफ गया हुआ था इस दौरान अचानक वह नाले के तेज बहाव में बह गया। इस घटना की जानकारी परिजनों ने कापू थाने में दी जिसके बाद कल दोपहर से शाम तक पानी में डूबे बालक की खोजबीन की जा रही थी। इस घटना के बाद जहां पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी वहीं घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी। कल शाम अंधेरा होनें की वजह से रेस्क्यू बंद कर दिया गया था।
आज सुबह से ही डीडीआरएफ की टीम नाले में बहे बालक की पतासाजी में जुटी थी इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे के आसपास झाड़ियों में सूरज की लाश बरामद हुई है। जिसके बाद मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए कापू पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। नाले में डूबकर बालक की मौत के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
