रायगढ़। रायगढ़ जिले में पिछले तीन दिनों से एक दंतैल हाथी रात होते ही सड़क में आ रहा है, जिससे ना केवल आवागमन प्रभावित हो रहा बल्कि लोग अब शाम होते ही उस मार्ग से गुजरने में डरने लगे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक इस दिनों रायगढ़ में हाथियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। रोजाना हाथियों का दल किसानों के खेतों में पहुंच कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे। इसी क्रम में एक दंतैल पिछले 3 दिनों से बरलिया होते हुए तमनार जाने वाले मार्ग में राटरोट-कसडोल के बीच रात होते ही सड़क में आ रहा हैं, जिससे काफी देर तक वाहनों के पहिये पूरी तरह से थम जा रहें और हाथी के वापस जंगल में जाने के बाद ही आवागमन शुरू हो पा रहा है।
इस मार्ग से आवाजाही करने वाले लोग बताते हैं की यहां के जंगल में हाथियों की मौजूदगी हमेशा रहती है। लेकिन कभी ऐसा नहीं हुआ था की हाथी रात होते ही सड़क में आ जाता हो, पिछले 3/4 दिनों से एक दंतैल हाथी सड़क में आ रहा, जिससे वे अब इस मार्ग से गुजरने में डरने लगे हैं। खबरदूत को मिली जानकारी के अनुसार उक्त जंगल में 10 हाथियों की मौजूदगी हैं उसी दल में से ही एक हाथी रोजाना सड़क में आ रहा और हाथियों के दल ने भैसगढ़ी गाँव में कुछ किसानों की फसल को नुकसान भी पहुँचाया है।
