Burhanpur News: बुरहानपुर। विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन आदतन अपराधियों व बदमाशों के खिलाफ लगातार जिलाबदर की कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार की अनुशंसा पर कलेक्टर भव्या मित्तल ने मंगलवार को फिर तीन बदमाशों को एक साल के लिए जिलाबदर किया है। उन्हें बुरहानपुर के अलावा पड़ोसी जिलों खंडवा, खरगोन, बड़वानी और हरदा की सीमाओं में भी प्रवेश नहीं मिलेगा।
जिलाबदर किए गए शिकारपुरा थाना क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी 23 वर्षीय समीर उर्फ रोमियो के खिलाफ मारपीट, अवैध शस्त्र रखने सहित अन्य तरह के पांच मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
सौ खोली निवासी 30 वर्षीय विक्की उर्फ इकरार के खिलाफ वर्ष 2008 से अब तक मारपीट, विवाद, जुआ, अवैध शस्त्र रखने व छेड़छाड़ के बारह अपराध दर्ज हैं। उसके खिलाफ भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। गणपति थाना क्षेत्र के इतवारा गेट निवासी शेख मेहमूद उर्फ टेडी भी वर्ष 2008 से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। उसके खिलाफ मारपीट, अवैध शस्त्र रखने, जुआ, बलवा करने आदि के छह अपराध दर्ज हैं।
चेक बाउंस के मामले में स्थाई वारंटी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान भी चलाया जा रहा है। इस काम के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। मंगलवार को पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में स्थाई वारंटी खैराती बाजार निवासी सारिक हुसैन को गिरफ्तार किया है। उसे गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक रामेश्वर बकोरिया, प्रधान आरक्षक हीरालाल काजले, आरक्षक रिजवान कुरैशी शामिल थे।