Sikkim Avalanche: सिक्किम के नाथू ला पहाड़ी दर्रे में हुए भारी हिमस्खलन से कम से कम छह पर्यटकों की मौत हो गई और कई जख्मी हो गये। इस हिस्खलन में करीब 100 लोगों को फंसे होने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक बर्फ में फंसे 22 पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। साथ ही इस हिमस्खलन में फंसे 350 पर्यटकों और 80 से अधिक वाहनों को रास्ता बनाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। फिलहाल बर्फ में दबे लोगों को निकालने की कोशिश चल रही है।
जानिए पूरा मामला
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, गंगटोक को नाथुला से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू रोड पर 15वें मील पर अचानक हुए हिमस्खलन में छह पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक लोगों के बर्फ में फंसे होने की आशंका है। हिमस्खलन मंगलवार को दोपहर में करीब 12 बजकर 20 मिनट पर हुआ। इसमें घायल छह लोगों ने नजदीकी सैन्य अस्पताल में दम तोड़ दिया। इनमें चार पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। इस बीच, बर्फ में फंसे 22 पर्यटकों को बचा लिया गया है और उन्हें गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल और सेंट्रल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।