रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के आमगांव से हाथियों के एक दल का ड्रोन वीडियो सामने आया है। जहां भीषण गर्मी के बीच हाथियों का एक दल तालाब में उतरकर राहत पाते नजर आया। इस खूबसूरत पल को ड्रोन कैमरे में कैद किया गया है।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमण्डल के अंतर्गत आने वाले आमगांव बीट में बुधवार की दोपहर हाथियों के एक दल को तालाब में नहाते हुए ड्रोन कैमरे से वीडियो कैद किया गया है। बताया जा रहा है कि हाथियों का दल कक्ष क्रमाक – 368 में जूनापानी जंगल के तालाब में नहा रहा था, 13 हाथियों के इस दल में 1 नर, 7 मादा के अलावा 5 शावक शामिल है। तेज धूप और बढ़ते तापमान से परेशान हाथियों का यह झुंड तालाब में उतरकर पानी में मस्ती करता दिखा। हाथियों के दल में छोटे-बड़े सभी हाथी पानी में डुबकी लगाते और एक-दूसरे के साथ खेलते नजर आए।
वन विभाग टीम के अनुसार हाथियों का यह दल आमगांव, मेढ़रमार या बीजापतरा की ओर आगे बढ़ सकते हैं, ऐसे में इस क्षेत्र के ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है, साथ ही हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए जंगल तरफ नहीं जाने की भी अपील की जा रही है।
एक अन्य जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले में इन दिनों कुल 100 हाथी अलग – अलग दल में विचरण कर रहे हैं, जिसमें धरमजयगढ़ वन मंडल में 98 हाथी तो रायगढ़ वन मंडल 2 हाथी मौजूद हैं।
