Home छत्तीसगढ़ रात में धान खरीदी केन्द्र पहुंचा हाथी, लोगों में दहशत का माहौल, कई बोरी धान को खाया और फैलाया….पढ़िये पूरी खबर

रात में धान खरीदी केन्द्र पहुंचा हाथी, लोगों में दहशत का माहौल, कई बोरी धान को खाया और फैलाया….पढ़िये पूरी खबर

by KhabarDoot Desk

रायगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में स्थित धान खरीदी केन्द्र में बीती रात एक हाथी के पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। इस दरम्यान हाथी ने आधे दर्जन के आसपस धान की बोरियों को नुकसान पहुंचाया है।
मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में बीती रात तकरीबन साढ़े 12 बजे के आसपास एक मखना हाथी कुडेकेला गांव में स्थित धान खरीदी केन्द्र पहुंचा था, इस दौरान यहां हाथी ने एक दर्जन से अधिक धान की बोरियों में रखे धान को खाया और फैलाया है। इस मामले की जानकारी मिलते ही हाथी मित्र दल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हाथी को वापस जंगल की तरफ भगाया गया तब जाकर धान खरीदी केन्द्र में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली है। बताया जा रहा है कि धान खरीदी केन्द्र में धान का उठाव नही हो पाने के चलते अभी भी यहां काफी मात्रा में धान रखा हुआ है, ऐसे में संभवतः फिर से हाथी यहां पहुंच सकते हैं। फिलहाल धान खरीदी केन्द्र में धान की बोरियों को हाथी के द्वारा नुकसान पहुंचाये जाने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इन दिनों धरमजयगढ़ वन मंडल में ही कुल 64 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं जिसमें 18 नर, 26 मादा के अलावा 20 शावक शामिल है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम के अलावा हाथी मित्र दल की टीम भी लगातार प्रभावित गांव में पहुंचकर मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। साथ ही किसी भी स्थिति में जंगल तरफ नही जाने की बात कही जा रही है, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना घटित ना हो।

related posts