सरिया। तेज रफ्तार कार की ठोकर से बाईक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं एक अन्य घायल हो गया है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। उक्त घटना सरिया थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रहलाद कंवर 25 साल निवासी ग्राम भैसमा थाना उरगा, जिला कोरबा ने सरिया थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि कल दोपहर 3 बजे वह अपने दोस्त अनिल कुमार कंवर के साथ अपने होन्डा साईन मोटर सायकल क्रमांक सीजी 11 बीएम 2744 में सवार होकर काम के सिलसिले में सरिया गए हुए थे, जहां से शाम को खाना खाकर दोनों वापस अपने घर पुसौर लौट रहे थे। प्रहलाद ने बताया कि वह बाईक चला रहा था और पीछे में अनिल कंवर बैठा था। बाईक सवार दोनों युवक रात करीब साढ़े 8 बजे के आसपास सरिया गाडापारा मेन रोड के पास पहुंचे ही थे कि रायगढ़ की तरफ से आ रहे कार चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटर सायकल को सामने से जोरदार ठोकर मार दिया।
प्रहलाद कंवर ने बताया कि इस दुर्घटना में उसे हल्की चोट आई है और उसके दोस्त अनिल कंवर के सीना, दाहिना पैर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया है।
बहरहाल प्रहलाद कंवर की रिपोर्ट के बाद सरिया पुलिस अज्ञात कार चालक के खिलाफ धारा 106(1) 125 (ए) 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी चालक की पतासाजी की जा रही है।
