Home छत्तीसगढ़ RAIGARH: जंगली सुअर के बिछाये करंट की चपेट में आकर दो की मौत, साथियों ने वारदात छिपाने शव छिपाया, चार संदेही पुलिस हिरासत में, एक की तलाश जारी

RAIGARH: जंगली सुअर के बिछाये करंट की चपेट में आकर दो की मौत, साथियों ने वारदात छिपाने शव छिपाया, चार संदेही पुलिस हिरासत में, एक की तलाश जारी

by KhabarDoot Desk

रायगढ़. रायगढ़ जिले में जंगली सुअर के लिये बिछाये गए करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। आरोपियों ने घटना के बाद दोनों शवों को अलग-अलग छुपा दिया था। इस मामले में पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है वहीं एक अन्य की तलाश में जुट गई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम छोटे रेगड़ा पुनीलाल यादव 51 साल एवं संदीप उरांव 24 साल 9 दिसंबर की सुबह 4 बजे घर से निकले थे और उसके बाद से लापता थे। परिजनों ने चक्रधर नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाते हुए अपने स्तर पर उनकी पतासाजी की जा रही थी। गांव के लोगों ने बताया कि बीती रात गांव में कुछ लोग चर्चा कर रहे थे कि जंगली सुअर के लिये बिछाये गए करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई और उन्हीं में से एक युवक ने आज सुबह घटना स्थल संबलपुरी नाला किनारे के पास स्थित बगीचा टिकरा ले जाकर गांव वालों को दोनों का शव दिखाया। बताया जा रहा है कि दोनों की मौत कहीं और हुई थी और शव को झाडियों में लाकर छिपाया गया था।


गिरोह बनाकर करते थे शिकार
बताया जा रहा है कि छोटे रेगडा के सात ग्रामीण पुनीलाल यादव, संदीप उरांव, राजू उरांव, विकास उरांव, जय किशन, रमेश उरांव के अलावा आकाश उरांव मिलकर लंबे अर्से से क्षेत्र के जंगल में 11केव्ही करंट प्रवाहित तार बिछाकर अवैध तरीके से जंगली सुअर का शिकार करते आ रहे थे। इसी बीच करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से दो शिकारियों की मौत हो गई।
चार संदेही हिरासत में
जंगली सुअर के शिकार के लिये बिछाये गए करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से दो ग्रामीणों की मौत हो जाने के बाद जहां पूरे गांव में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस इस मामले में चार आरोपियों राजू उरांव, विकास उरांव, जय किशन, रमेश उरांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है वहीं एक अन्य आकाश उरांव की पतासाजी की जा रही है।
पिछले साल भी हुई थी ऐसी घटना
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि यह गिरोह पिछले लंबे अर्से से इसी तरह अवैध तरीके से करंट प्रवाहित तार बिछाकर जंगली सुअर का शिकार करते आ रहे थे। पिछले साल ही रमेश उरांव के बेटे सूरज उरांव की इसी तरह लामीदरहा के जंगल में जंगली सुअर के लिये बिछाये गए करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से मौत हो गई थी।
मामले की जांच जारी- जीएल साहू
चक्रधर नगर थाना प्रभारी जीएल साहू ने बताया कि 09 दिसंबर से दो ग्रामीणों के लापता होने की सूचना परिजनों ने कल थाने में दर्ज कराई थी। आज सुबह उन्हें जानकारी मिली संबलपुरी नाला के पास दोनों की लाश मिली है। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

related posts