सरिया। बुधवार की सुबह तेज रफ्तार कार की ठोकर से दो स्कूली छात्र की मौत हो गई वहीं एक अन्य को गंभीर चोट आई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार सरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरपाली निवासी मेघनाथ पटेल अपने अपनी बेटी के अलावा गांव के अन्य बच्चे को लेकर स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान गांधी चैक की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार क्रमांक सीजी 13 एटी 9955 के चालक सजन अग्रवाल निवासी बरमकेला ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से उन्हें जोरदार ठोकर मार दिया। तेज रफ्तार कार की ठोकर से बाईक सवार तीनों गिरकर बेहोश हो गए। इस घटना में मौके पर ही हर्षित पटेल की मौत हो गई, और मेघनाथ पटेल और उसकी बेटी जिया पटेल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर ईलाज के लिये रायगढ़ रिफर कर दिये। इसी बीच ईलाज दौरान रायगढ अस्पताल में जिया पटेल की भी मौत हो गई और उसके पिता मेघनाथ पटेल की हालत गंभीर बनी हुई है।
अखिलेश्वर पटेल, 56 साल ने बताया कि आज सुबह साढ़े 8 बजे उसके नाती हर्षित पटेल पिता रामेश्वर पटेल 07 साल को गांव के ही रहने वाले मेघनाथ पटेल अपनी मोटर सायकल में लेकर भारत माता पब्लिक स्कुल पुजेरीपाली छोड़ने जा रहा था। इस दौरान मेघनाथ पटेल की बेटी जिया पटेल 7 साल भी उसके साथ थी। 9 बजे के आसपास स्टेशनरी सामान खरीदकर जब वे स्कूल जा रहे थे इसी बीच अटल चैक के कार चालक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बहरहाल अखिलेश्वर पटेल की रिपोर्ट के बाद सरिया पुलिस कार चालक सजन अग्रवाल के खिलाफ धारा 105, 125 (ए) 281 के तहत अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
