रायगढ़। रायगढ़ जिले में सड़क हादसो का दौर थमने का नाम नही ले रहा है। इसी क्रम में अलग-अलग सड़क हादसों में भाजपा पार्षद, एक शिक्षक के अलावा फेब्रीकेशन में काम करने वाले एक मजदूर की मौत हो गई वहीं तीन अन्य घायल हो गए। तीनों ही मामलो में पुलिस अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है। जहां नगर पंचायत किरोड़ीमल नगर वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद नंदकुमार यादव 54 साल, मोटर सायकल क्रमांक सीजी 11 एए 1498 में सवार होकर अपनी सास को छोड़ने जामपाली गए हुए थे। जहां से घर वापसी के दौरान शाम करीब 6 बजे के आसपास जब वे कुशवाबहरी बाजार के पास पहुंचे ही थे कि रायगढ़ की तरफ आ रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 एआर 6510 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवार नंदकुमार यादव को जोरदार ठोकर मार दिया। इस दुर्घटना में सिर भारी वाहन के पहियो के नीचे कुचल जाने की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों की रिपोर्ट के बाद भूपदेवपुर पुलिस आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 184, 106(1) 281 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इसी तरह की दूसरी घटना खरसिया थाना क्षेत्र का है। मारूती सुजुकी कार क्रमांक सीजी 13 एजेड 6595 के चालक विक्रमदास महंत ने बताया कि बीती रात विरेन्द्रसिंह राठिया के साथ एक काम के सिलसिले में वे सरवानी गए थे, जहां से सालोकनाथ केशरवानी से मिलकर दोनों अपने गांव गुरदा लौट रहे थे। इसी बीच रात तकरीबन पौने दस बजे के आसपास जब वे पतरापाली गांव के पास पहुंचे ही थे कि एनएच 49 में अंधेरे में एक ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीयू 8116 बेतरतीब ढंग से खड़ा था, जिससे उनकी कार जा टकराई। इस दुर्घटना में जहां कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया वहीं विरेन्द्र सिंह राठिया के सिर में गंभीर चोट आने से घटना स्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा कि विरेन्द्र सिंह राठिया कुशवाबहरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। बहरहाल घायल विक्रमदास महंत की रिपोर्ट के बाद खरसिया पुलिस ट्रेलर चालक के खिलाफ 106(1) 285 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह की तीसरी घटना भी खरसिया थाना क्षेत्र का है। लकेश्वर खड़िया निवासी नवरंगपुर ने खरसिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि मंगलवार की सुबह 8 बजे अपने साथ पप्पु सिदार 19 साल शुभम साहू 20 साल के साथ एक ही मोटर सायकल क्रमांक सीजी 13 एस 8785 में सवार होकर काम करने खरसिया में स्थित यादव फेब्रीकेशन गए हुए थे। काम करने के बाद तीनों वापस अपने गांव लौट रहे थे इस दौरान बाईक पप्पु सिदार चला रहा था। रात तकरीबन 8 बजे के आसपास जब वे राठौर चैक से आगे विक्की कबाडी दुकान के पास मेन रोड पहुंचे ही थे सामने की तरफ से आ रहे पल्सर मोटर सायकल क्रमांक सीजी 13 एवाई 7134 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटर सायकल को जोरदार ठोकर मार दिया। इस दुर्घटना में बाईक सवार तीनों युवक गिरकर घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल खरसिया अस्पताल ले जाया गया जहां मौके पर मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के दौरान ही पप्पू सिदार को मृत घोषित कर दिया।
बहरहाल घायल लकेश्वर खड़िया की रिपोर्ट के बाद खरसिया पुलिस पल्सर बाईक के चालक के खिलाफ धारा 184,106,125 (ए) 281 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
