भोपाल, वाहन चोरी करने वाले गिरोह पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। पुलिस के चाक-चौबंद सुरक्षा के तमाम दावों के बीच राजधानी से रोजाना औसतन तीन वाहन चोरी चले जाते हैं। इसी क्रम में ईंटखेड़ी थाना इलाके में आटोमोबाइल शोरूम का ताला तोड़कर बदमाश एक नई बाइक लेकर नौ दो ग्यारह हो गए। शोरूम में सीसीटीवी नहीं लगे रहने के कारण संदिग्ध बदमाशों का कोई सुराग भी नहीं लग सका है।
ईंटखेड़ी थाना पुलिस के मुताबिक गोलखेड़ी गांव में टीवीएस बाइक का शोरूम हैं। शोरूम संचालक 40 वर्षीय मीनाक्षी पत्नी अमित नामदेव ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई। उसमें बताया कि शुक्रवार को शाम सात बजे उन्होंने शोरूम ताले लगाकर बंद कर दिया था। शनिवार सुबह जब शोरूम देखा तो ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो शोरूम में लगी एलईडी और एक नई मोटर साइकिल गायब थी। मीनाक्षी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है।
ईंटखेड़ी थाना प्रभारी केएन भारद्वाज ने बताया कि शोरूम में सुरक्षा गार्ड मौजूद रहता है, लेकिन शोरूम बड़ा होने के कारण वह कभी आगे की तरफ तो कभी पीछे के हिस्से में मौजूद रहता है। अज्ञात लोगों ने संभवत: रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया है। मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज से इस मामले में सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।
भोपाल शहर में अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी
उधर अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में शनिवार शाम साढ़े छह बजे सैम गर्ल्स कालेज के छात्रावास से हिमांशू सिंह की बाइक चोरी चली गई। अरेरा हिल्स थाना इलाके में शनिवार सुबह 10:30 बजे वल्लभ नगर फेस-दो में आंगनबाड़ी केंद्र के सामने खड़ी संतोष जैन की मोटर साइकिल चोरी चली गई। इसके अलावा एमपी नगर, अयोध्यानगर एवं पिपलानी थाना क्षेत्र से भी तीन दोपहिया वाहन चोरी चले गए।